आठ प्रमुख उद्योगों ने प्रदर्शन के मामले में एक बार फिर छलांग लगायी है। अप्रैल 2016 में इन उद्योगों की वृद्धि दर 8.5 फीसद दर्ज की गई है। इस प्रदर्शन में उर्वरक, स्टील, सीमेंट और बिजली क्षेत्र के बढिय़ा प्रदर्शन का खासा योगदान रहा।
आठ प्रमुख उद्योगों में कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक, स्टील, सीमेंट और बिजली क्षेत्र शामिल हैैं। बीते साल अप्रैल में इन आठों उद्योगों के उत्पादन में 0.2 फीसद की गिरावट दर्ज की गई थी। इस साल अप्रैल का प्रदर्शन मार्च 2016 की 6.4 फीसद वृद्धि दर से भी अधिक रहा है। वाणिज्य व उद्योग मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल में रिफाइनरी उत्पादों के उत्पादन में 17.9 फीसद की वृद्धि दर्ज की गई है। जबकि अप्रैल 2015 में इस क्षेत्र के उत्पादन में 2.9 फीसद की गिरावट रही थी।
इसी तरह उर्वरक, सीमेंट, स्टील और बिजली के उत्पादन में भी वृद्धि हुई है। अप्रैल में उर्वरक क्षेत्र में 7.8 फीसद की वृद्धि दर दर्ज की गई है। जबकि स्टील के उत्पादन में 6.1 फीसद की, सीमेंट में 4.4 फीसद की और बिजली के उत्पादन में इस महीने 14.7 फीसद की वृद्धि दर्ज की गई है। कोयला, कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के उत्पादन में अप्रैल 2016 में गिरावट दर्ज की गई है।
रेटिंग एजेंसी इक्रा की सीनियर इकोनोमिस्ट अदिति नायर ने प्रमुख उद्योगों के अच्छे प्रदर्शन की वजह बीते वर्ष के खराब प्रदर्शन को बताया है। नायर के मुताबिक पिछले साल अप्रैल में रिफाइनरी उत्पादों और बिजली के उत्पादन में तेज गिरावट दर्ज की गई थी। लिहाजा इस बार इन दोनों क्षेत्रों का प्रदर्शन ज्यादा बेहतर दिख रहा है।