बड़ी खबरें

[10][बड़ी खबरें][slider-top][बड़ी खबरें]
You are here: Home / साइना ने दूसरे दौर में बनाई जगह

साइना ने दूसरे दौर में बनाई जगह

| No comment

जकार्ता, प्रेट्र  तीन बार की चैंपियन साइना नेहवाल ने मंगलवार को चीनी ताइपे की पाई यू पो की कड़ी चुनौती को ध्वस्त करते हुए इंडोनेशिया सुपर सीरीज प्रीमियर बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बना ली।
आठवीं वरीय साइना ने दुनिया की 23वें नंबर की खिलाड़ी पाई पो को एक घंटे, तीन मिनट में 21-11, 19-21, 21-15 से हराया। साइना का अगले दौर में मुकाबला इंडोनेशिया की फित्रियानी फित्रियानी से बुधवार को होगा।
हालांकि मिक्स्ड डबल्स में भारत को हार का सामना करना पड़ा। मनु अत्री और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी ने सिंगापुर की योंग काई और हैन टैन की जोड़ी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन उसे 14-21, 25-27 से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला 30 मिनट तक चला।
सत्र के अपने पहले खिताब पर नजर लगाए साइना को शुरू में पो के खिलाफ एक-एक अंक के लिए संघर्ष करना पड़ा। लेकिन मैच गुजरने के साथ साइना ने लय हासिल कर ली। भारत की स्टार शटलर ने लगातार सात अंक हासिल करके पहला गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में एक समय साइना 10-5 से लीड कर रही थीं लेकिन पो ने जबरदस्त वापसी करते हुए 12-10 से लीड हासिल कर ली। आखिर में ताइपे की खिलाड़ी ने दूसरा गेम जीत लिया। निर्णायक गेम में साइना ने शानदार शुरुआत करते हुए स्कोर 11-5 किया। लेकिन पो ने भी हार नहीं मानी और 13-13 से स्कोर बराबर करने में सफल रहीं। लेकिन इसके बाद साइना ने लगातार पांच अंक हासिल कर पो की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। साइना 2009, 2010 और 2012 में यहां चैंपियन रही थीं।