कुलपति कार्यालय पर छात्रों का हंगामा
-प्रवेश परीक्षा निरस्त करने की मांग, जमकर की नारेबाजी
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा में धांधली का आरोप लगाते हुए छात्रों ने गुरुवार को भी प्रदर्शन जारी रखा। कुलपति कार्यालय पर एकत्र हुए छात्रों ने स्नातक, परास्नातक, क्रेट व अन्य कोर्सों की हुई प्रवेश परीक्षा को निरस्त कर दोबारा कराने की मांग की। इस दौरान छात्रों ने जमकर नारेबाजी की। छात्र कुलपति से करने की मांग कर रहे थे। वीसी के रवैये के विरोध स्वरूप समाजवादी छात्रसभा नेता रामवृक्ष यादव ने अपना मुंडन भी कराया। प्रदर्शन के मद्देनजर विवि कैंपस छावनी में तब्दील रहा।
नकल की वजह से प्रवेश परीक्षा निरस्त करने की मांग को लेकर छात्र गुरुवार को पुन: कुलपति कार्यालय पर एकत्रित हुए। वह कुलपति से वार्ता करना चाहते थे, परंतु ऐसा नहीं हो सका। छात्र इस पर भड़क गए और नारेबाजी शुरू कर दी। डीएसडब्ल्यू प्रो. हर्ष कुमार, चीफ प्रॉक्टर प्रो. आइआर सिद्दीकी ने पुलिस अधिकारियों के साथ छात्रों को समझाने का प्रयास किया। इधर कतिपय छात्र कुलपति के पक्ष में भी उतर आए हैं। कुलपति कार्यालय पर उन्होंने प्रवेश परीक्षा का विरोध करने वाले छात्रों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
---
क्रेट परीक्षा निरस्त
इविवि प्रवेश परीक्षा में पर्यवेक्षक रहे प्रो. माता अम्बर तिवारी ने प्रदर्शनकारी छात्रों को बताया कि कंबाइंड रिसर्च एंट्रेंस टेस्ट (क्रेट) के लिए बनी कमेटी के सुझाव पर इलाहाबाद में बिशप जानसन केंद्र पर हुई ऑफलाइन परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है। हालांकि, उन्होंने पीजी प्रवेश परीक्षा के लिए ऐसा कोई निर्णय न होने की बात कही। चीफ प्रॉक्टर प्रो. आइआर सिद्दकी ने बताया कि कुलपति प्रो. रतनलाल हांगलू सभी मसलों पर चार जुलाई को बातचीत करेंगे। प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए पांच परीक्षार्थियों के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए सुबह 11 बजे बुलाया जाएगा।