- लोक सेवा आयोग की जांच संबंधी बयान पर जारी किए कई पोस्टर
संगम शहर में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से पहले ही प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति ने पार्टी के बड़े नेताओं के पोस्टर जारी कर घेराबंदी की है। गुरुवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह के एक मई 2014 के बयान को सार्वजनिक किया गया, जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन में व्याप्त गड़बडिय़ों की जांच करवाने का आश्वासन प्रतियोगियों को दिया था। पोस्टर में केंद्र सरकार से पूछा गया है कि आयोग के भ्रष्टाचार पर सरकार मौन क्यों है? समिति इस पोस्टर को इलाहाबाद के उन प्रमुख स्थानों पर चस्पा करेगी जहां छात्र एकत्रित होते हैं। प्रतियोगी छात्र केंद्र सरकार के मौन से काफी आक्रोशित है। प्रतियोगी छात्रों का मानना है कि उनके साथ धोखा हुआ है। समिति के मीडिया प्रभारी अवनीश पांडेय ने कहा कि छात्रों को वोट बैंक की तरह भुनाने की बड़ी भूल की जा रही है, यदि गृहमंत्री ने इलाहाबाद आने के पूर्व कोई सार्थक घोषणा नहीं की तो समिति उनका विरोध करने पर मजबूर होगी।
----
आज पीएम को लिखेंगे रक्त पत्र
पोस्टर जारी करने के बाद समिति के सदस्य सावन कुमार दुबे, हाशिम रिजवी, राजदीप, विक्की खान, बंटी सिंह, समीर कुमार राय, रामेंद्र शुक्ल, पवन तिवारी, अनुज सिंह, नीरज सिंह, रत्नेश सिंह, कुंदन ठाकुर, गिरिजेश सिंह ने शुक्रवार को दिन में 11 बजे प्रधानमंत्री को रक्त पत्र लिखने का निश्चय किया है।
----