बड़ी खबरें

[10][बड़ी खबरें][slider-top][बड़ी खबरें]
You are here: Home / चीन व रूस से आयतित केमिकल पर एंटी डंपिंग ड्यूटी

चीन व रूस से आयतित केमिकल पर एंटी डंपिंग ड्यूटी

| No comment

नई दिल्ली, प्रेट्र सरकार ने चीन और रूस से आयातित एक केमिकल पर 122.14 से 279.78 डॉलर (8183 से 18745 रुपये) प्रति टन की एंटी डंपिंग ड्यूटी लगा दी है। यह केमिकल फार्मास्यूटिकल और फ्रेगरेंस यानी सुगंध उद्योग में इस्तेमाल होता है। सरकार ने घरेलू उद्योग को संरक्षण देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है।
सेंट्रल बोर्ड ऑफ एक्साइज एंड कस्टम्स (सीबीईसी) ने एक अधिसूचना जारी करके कहा है कि डेक्लोरोमीथेन (मेथिलीन क्लोराइड) के आयात पर अगले पांच साल तक ड्यूटी देय होगी। पिछले दिसंबर में इस पर अस्थाई एंटी डंपिंग ड्यूटी लगाई गई थी। डायरेक्टर जनरल ऑफ एंटी डंपिंग एंड एलाइड ड्यूटीज (डीजीएडी) की सिफारिश के बाद स्थाई तौर पर ड्यूटी लगा दी गई है।
सीबीईसी के अनुसार डीजीएडी ने अपनी जांच में पाया है कि इन दोनों देशों से मेथिलीन क्लोराइड भारत में सामान्य से कम कीमत पर निर्यात की गई। इससे घरेलू उद्योग को भारी नुकसान हुआ। डीजीएडी ने घरेलू उद्योग को इस नुकसान से बचाने के लिए एंटी डंपिंग ड्यूटी लगाने का कदम उठाया था। केमप्लास्ट सेनमार और गुजरात फ्लूरोकेमिकल्स की शिकायत पर डीजीएडी ने यह जानने के लिए पिछले अप्रैल में जांच शुरू की थी कि क्या वास्तव में इस केमिकल की सामान्य से कम मूल्य पर डंपिंग की जा रही है या नहीं।