
चुनाव व जमीन की रंजिश में वारदात, छह घायल
इलाहाबाद : केंद्रीय कारागार नैनी के बाहर रविवार शाम दुस्साहसिक अंदाज में बम व गोली मार कर चाचा-भतीजे को मौत के घाट उतार दिया गया। वारदात में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत नाजुक है। घटना की वजह चुनावी रंजिश और जमीन संबंधी विवाद बताया जा रहा है।
झूंसी निवासी ज्ञानचंद्र यादव के पिता चंद्रभान यादव (बाबा) हत्या के आरोप में नैनी जेल में बंद हैं। शाम करीब साढ़े तीन बजे ज्ञानचंद्र दो सफारी में 12 लोगों के साथ जेल पहुंचा। पिता से मुलाकात कर वह बाहर निकला और जेल के नेहरू गेट के सामने खड़ी सफारी में बैठने लगा तभी तीन बाइकों पर आए सात नकाबपोश लोगों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। ज्ञानचंद्र व उसके साथियों ने भागने का प्रयास किया तो हमलावर बम फेंकने लगे। धुएं के गुबार में करीब 50 राउंड फायङ्क्षरग हुई। हमलावर सफारी कार सवार लोगों से राइफल छीनकर भाग निकले। हमले में ज्ञानचंद्र यादव व उसके चाचा लालचंद्र यादव की मौत हो गई। उनके पड़ोसी श्रीकांत उर्फ ऊक्खड़, अनिल कुमार यादव, अनिल उर्फ सोनू, जय प्रकाश यादव, शत्रुबदन यादव और सुरेश यादव घायल हो गए। शत्रु बदन व सुरेश की हालत नाजुक है। उन्हें शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीआइजी जेके शाही ने बताया कि ज्ञानचंद्र की मां सरस्वती देवी शेरडीह गांव की प्रधान हैं। उन पर भी जानलेवा हमला हो चुका है। आरोपियों के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
----