- कोचिंग संस्थानों पर नहीं रहना होगा निर्भर
----
हिमांशु मिश्र, इलाहाबाद : ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) मेंस और एडवांस की तैयारी के लिए आने वाले दिनों में कोचिंग पर निर्भरता कम हो जाएगी। दरअसल जल्द ही मानव संसाधन विकास मंत्रालय स्टूडेंट्स को फ्री स्टडी मैटेरियल सुलभ कराने की तैयारी में है। उसके स्टडी मैटेरियल में उपयोगी कंटेंट होंगे। इसके अलावा रेगुलर असाइनमेंट और मॉक टेस्ट की भी सुविधा रहेगी। एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी से जुड़ी सामग्री पीडीएफ फार्मेट के अलावा वीडियो वर्जन में भी होगी।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय की सलाहकार समिति के सदस्य और फूलपुर के भाजपा सांसद केशव प्रसाद मौर्य ने दैनिक जागरण बताया कि मंत्रालय इस पहल के जरिए हर वर्ग के स्टूडेंट्स को सहूलियत प्रदान करेगा। इसकी जरूरत इसलिए समझी गई है क्योंकि कई छात्र आर्थिक मजबूरी के कारण परीक्षा की अच्छी तैयारी नहीं कर पाते थे, उन्हें इस पहल से फायदा होगा। स्टडी मैटेरियल के लिए मंत्रालय स्तर पर वेबसाइट लांच की जाएगी। इसके अलावा यूट्यूब और दूरदर्शन के कुछ फ्री टू एयर चैनलों के जरिए भी यह सहूलियत प्रदान की जाएगी।
हेल्पलाइन भी होगी : आइआइटी एंट्रेंस एग्जाम से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन की भी शुरुआत की जाएगी। फिलहाल इस पर चर्चा की जा रही है, इसके लिए एक्सपर्ट पैनल व अन्य संसाधनों की जरूरत पड़ सकती है। इस हेल्पलाइन से स्टूडेंट्स इसका 12 घंटे अपनी जिज्ञासा शांत कर सकेंगे।
चिंता में जन्मा समाधान : देशभर में आइआइटी एंट्रेंस की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स मौजूदा दौर में विफलता की वजह से जहां तहां आत्महत्या कर रहे हैं। इससे सरकार काफी चिंतित है। महंगी कोचिंग में दाखिला नहीं ले पाने वाले मेधावी अवसाद में रहते हैं। इसलिए सरकार यह कोशिश कर रही है। ट्रिपलआइटी के डायरेक्टर प्रो.सोमनाथ विश्वास कहते हैं कि मिनिस्ट्री ने कई अहम बदलाव किए हैं, ये स्टूडेंट्स को तनाव मुक्त करने की दिशा में सहायक होंगे।
----