-शिकागो के व्यवसायी ने मंत्रोच्चारण के बीच सेवा का लिया संकल्प
हिमांशु मिश्र, इलाहाबाद : गाय को मां मानकर उनको पूजने वाले भारत ही नहीं, पूरी दुनिया में हैं। खासकर सात समंदर पार रहने वाले भारतीय मूल के वह लोग जिनकी संस्कृति में परहित ही सबसे बड़ा धर्म है। शिकागो में रह रहे अप्रवासी भारतीय (एनआरआइ) हरदेव साहू ऐसी ही शख्सियत हैं। उन्होंने संगम नगरी की दो गायों को गोद लिया है। गंगा और गोदावरी नामक इन गायों की उनके संपूर्ण जीवन तक सेवा का संकल्प भी इस एनआरआइ ने लिया है।
बताते चलें कि गंगा और गोदावरी नामक यह गाय विहिप के दिवंगत नेता अशोक सिंहल द्वारा स्थापित व संचालित गौशाला की हैं। गुजरे रविवार को भारतीय समयानुसार शाम साढ़े पांच बजे हरदेव साहू ने इन गायों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से गोद लिया। इस दौरान बटुक मंत्रोच्चारण करते रहे। गौशाला संयोजक विवेक पांडेय बताते हैं कि हरदेव साहू ने दोनों गायों की सेवा के लिए प्रतिवर्ष 60 हजार रुपये दान देने की बात कही है। इस वर्ष के लिए उन्होंने संस्था के खाते में पैसा भी जमा करा दिया है।
---
नहीं भूली संस्कृति
शिकागो में बिजनेसमैन हरदेव साहू नोएडा के मूल निवासी हैं। पत्नी सुनीता साहू, पुत्र राजीव और बेटी ईशा के साथ कई वर्ष से वह अमेरिका में ही रह रहे हैं। भारतीय संस्कृति को उन्होंने सात समंदर भी अक्षुण्ण रखा है। वह नियमित रूप से मंदिर में पूजा करने के बाद ही ऑफिस जाते हैं। कैलिफोर्निया में रहने वाले धर्माचार्य आचार्य कृष्ण कुमार पांडेय 'विद्यार्थी जीÓ के संपर्क में आने के बाद उनकी पूजा पाठ में रुचि बढ़ गई।
---
बेटी ने दी थी सलाह
हरदेव ने जानकारी दी कि आचार्य कृष्ण कुमार ने उन्हें दिवंगत अशोक सिंहल की गौशाला के बारे में बताया था। वेबसाइट पर उन्होंने और भी ब्योरा लिया। इसी दौरान बेटी इशा ने गाय गोद लेने की सलाह दी। फिर उन्होंने गौशाला संयोजक विवेक पांडेय से संपर्क किया।
