बड़ी खबरें

[10][बड़ी खबरें][slider-top][बड़ी खबरें]
You are here: Home / अब मैं मायावती को सिखाऊंगा राजनीति : स्वामी प्रसाद

अब मैं मायावती को सिखाऊंगा राजनीति : स्वामी प्रसाद

| No comment


-बोले, मायावती ने की पार्टी के मिशन और कांशीराम के सपनों के साथ गद्दारी
 लखनऊ : बसपा से बगावत करने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य ने पार्टी सुप्रीमो मायावती पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि गद्दारी मैंने नहीं, मायावती ने ही बसपा मिशन और कांशीराम के सपनों के साथ की है। शनिवार सुबह बसपा प्रमुख द्वारा गद्दार कहे जाने से बिफरे मौर्य ने कहा कि मुझे जो तमगा दिया गया है, वह उनकी (मायावती) भाषा और संस्कृति है। यदि उन्होंने बोलना सीखा होता तो बसपा की आज यह हालत न होती। मैंने उनको उनकी सीमा दिखा दी है और अब मैं उन्हें राजनीति सिखाऊंगा।
दोपहर अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में मौर्य ने मायावती पर फिर सीधा हमला बोला। कहा कि मुझे तो गद्दारी का तमगा दिया गया है, उसकी हकदार मायावती स्वयं हैं। यह पहला मौका है कि जब मायावती की राजनीति को किसी ने बर्खास्त किया हो, अब तक वही यह काम करती थीं। अपने राजनीतिक भविष्य के सवाल पर मौर्य बोले कि अब तक बसपा से निकाले गए लोगों की राजनीति खत्म होती थी, लेकिन अब मायावती की राजनीति खत्म होगी। पार्टी से मुझे निकाले जाने से यदि कोई असर न पड़ा होता तो मायावती को घुटने न टेकने पड़ते।
बसपा प्रमुख को मानसिक दिवालिएपन का शिकार बताते हुए स्वामी प्रसाद ने कहा कि यह मेरी ही ताकत है कि जिनको पार्टी से निकाला, अब उन्हें वापस बुलाने के लिए चिरौरी कर रही हैं, गिड़गिड़ा रही हैं। विधायकों को गूंगा-बहरा बना कर मायावती अब तक उनका आर्थिक दोहन करती आई हैं, लेकिन अब उन्हें टिकटों के बदले लिए गए पैसे वापस करने होंगे। मौर्य ने कहा कि लोग मुझे बधाई दे रहे हैं, यही मेरी विजय और उनकी पराजय है। अपने मौजूदा तेवर को ट्रेलर करार देते हुए उन्होंने कहा कि यह तो वक्त बताएगा कि कौन किसके साथ है?
शनिवार सुबह हुई बसपा विधान मंडल दल की बैठक को लेकर मौर्य ने कहा कि उन्होंने अपने साथ के विधायकों को भी बैठक में भेजा था। बसपा द्वारा विधान मंडल दल का नेता चुने जाने पर मौर्य ने कहा कि वह संवैधानिक व्यवस्था में विश्वास रखते हैं। 22 जून को बसपा से बगावत करने वाले मौर्य ने फिर स्पष्ट कहा कि अभी किसी पार्टी में जाने या नई पार्टी बनाने पर फैसला नहीं लिया है।
----------------